बेरूत/तेल अवीव, 15 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में शनिवार को हिज्बुल्लाह और इजराइल के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया। इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के हमले में तीन इजराइली सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद इजराइल ने क्षेत्र में कई हवाई हमले किए, जिनमें लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।
इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने हिज्बुल्लाह पर संघर्षविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। इजराइल का कहना है कि शनिवार सुबह सैनिकों को निशाना बनाकर किया गया हमला संघर्षविराम के बाद की व्यवस्था के खिलाफ है।
इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बताया कि उसने जवाबी कार्रवाई में हिज्बुल्लाह की विशेष रदवान फोर्स के एक मुख्यालय को निशाना बनाया। इजराइली सेना के अनुसार, हमले में संगठन के एक बटालियन कमांडर और कई अन्य लोग मारे गए।
आईडीएफ ने दावा किया कि हमले के समय कमांडर के परिवार के सदस्य भी उसके साथ मौजूद थे और आरोप लगाया कि कमांडर ने अपने परिवार को “मानव ढाल” के तौर पर इस्तेमाल किया। हालांकि, सेना ने स्पष्ट किया कि परिवार के सदस्य हमले का लक्ष्य नहीं थे।
वहीं, लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इजराइली हमलों को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि लेबनानी क्षेत्र में कोई सैन्य ढांचा मौजूद है, तो उससे निपटने की जिम्मेदारी केवल लेबनान सरकार, उसकी सेना और वैध संस्थाओं की है।
सलाम ने कहा कि किसी सैन्य ढांचे की मौजूदगी इजराइल को लेबनान की संप्रभुता का उल्लंघन करने या नागरिकों की जान खतरे में डालने का अधिकार नहीं देती।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय