


- आजादी का महापर्व में प्रख्यात गायिका कविता कृष्ण मूर्ति ने सुनाए देश भक्ति के गीत
भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के दौर का भारत एक शक्तिशाली राष्ट्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश दुनिया के सामने अपने सामर्थ्य, पुरुषार्थ और पराक्रम की नई-नई कीर्ति गाथाएं लिख रहा है। ऐसे नेतृत्व की हमारी आवश्यकता की आस वर्षों बाद पूरी हुई है। आज भारत की सेना देश के दुश्मनों को उनकी सीमा के अंदर जाकर मारने की हिम्मत रखती है। यह वर्तमान का शक्तिशाली भारत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार की शाम स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर भोपाल के रविंद्र भवन में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित आजादी का महापर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में फिल्म जगत की प्रख्यात गायिका पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति द्वारा ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में एक से बढ़कर एक देशभक्ति से जुड़े गीत सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव कविता कृष्णमूर्ति के गीत सुने और कार्यक्रम में सभी नागरिकों को स्वतंत्रता की वर्षगांठ की बधाई दी।
लोकतंत्र को गौरवान्वित करने का कार्य हो रहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के नक्सलमुक्त होने के बाद की स्वतंत्रता की वर्षगांठ विशेष आनंद का कारण बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र को गौरवान्वित करने का कार्य हो रहा है। हमें इस बात का गर्व है कि शहीद भगत सिंह से लेकर शहीद चंद्रशेखर आजाद तक तमाम क्रांतिकारी जिन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया है। हम पूरी क्षमता, योग्यता और बुद्धिमत्ता से गरीब, महिला, युवा, किसान सभी वर्गों के कल्याण के लिये प्रतिबद्ध हैं।
नक्सलमुक्त मध्य प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि इस साल का 15 अगस्त हमको एक अलग प्रकार के आनंद का अहसास करवा रहा है, क्योंकि अब मध्य प्रदेश नक्सल मुक्त है। दशकों से नक्सलवादियों ने हमारे निरपराध हजारों भाई बहनों का, अपने आतंक के कारण जीना दूभर किया था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी नक्सलियों से त्रस्त था। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि आज हमने लाल सलाम को आखिरी सलाम कर दिया। यह प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। यह अपने आप विश्वास और शासन के संचालन के सामर्थ्य और साहस का भी प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया कविता कृष्णमूर्ति का अभिनंदन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति के गायन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे तमिल भाषी हैं, लेकिन भारत की कई भाषाओं में गाती हैं। उनके कंठ में मां सरस्वती का आशीर्वाद है। कलाकार को भाषाएं और भौगोलिक सीमाएं बांध नहीं सकतीं। इस सुंदर आयोजन के लिए संस्कृति मंत्री और संस्कृति विभाग बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कविता कृष्णमूर्ति के गायन के क्षेत्र में अविस्मरणीय और सुदीर्घ सेवाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार और नागरिकों की ओर से अभिनंदन भी किया।
कविता कृष्णमूर्ति ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति ने देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया, जिससे पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत कविता कृष्णमूर्ति ने भगवान शिव का ध्यान करते हुए ‘ओम नम: शिवाय’ गीत से की। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘कर्मा’ का देशभक्ति गीत ‘हर करम अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिए’ प्रस्तुत किया। गीत के साथ ही सभागार में मौजूद दर्शकों में जोश और उत्साह भर गया।
इसके बाद कविता कृष्णमूर्ति ने ‘दिल ने कहा चुपके से’, ‘हवा हवाई’, ‘काहे छेड़े’, ‘आज मैं ऊपर आसमां नीचे’, ‘निंबोड़ा’, ‘इस तरह आशिकी’, ‘तुम मिले’, ‘मेरा दिल भी कितना पागल है’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘तू ही रे’, ‘बोले चूड़ियां’, ‘कोई मिल गया’, ‘मेरा पिया घर आया’ और ‘डोला रे’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। एक के बाद एक गीतों पर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
कुमार शानू के पुत्र ने भी दी प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान कविता कृष्णमूर्ति के साथ साथी कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। मंच पर कुमार शानू के पुत्र जान कुमार शानू ने भी गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति ने खासतौर पर युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का समापन ‘आई लव माय इंडिया’ गीत के साथ हुआ।
कार्यक्रम में दक्षिण-पश्चिम भोपाल के विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल की महापौर मालती राय, मप्र स्टेट वेयरहाउसिंग लॉजस्टिक्स कॉरर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच, नगर निगम भोपाल के सभापति किशन सूर्यवंशी, रविन्द्र यति, अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला और संगीत प्रेमी श्रोता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर