उत्तर दिनाजपुर, 15 अगस्त (हि. स.)। आईएसआई से कथित संबंध के आरोप में गिरफ्तार सैफुल इस्लाम को लेकर जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सैफुल लंबे समय से सीमा के पास उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर अनुमंडल के पंजिपाड़ा इलाके के देना गांव स्थित अपनी ससुराल में आता-जाता था। उसकी पत्नी सखिना बेगम का दावा है कि करीब 12 साल के वैवाहिक जीवन के बावजूद उसे कभी अपने पति के वास्तविक घर का पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सैफुल भारत का स्थायी निवासी भी नहीं था। आरोप है कि सीमा क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाते हुए उसने अपनी ससुराल को सुरक्षित ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल किया।
पंजिपाड़ा के इस इलाके में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का कैंप भी है। सीमा से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र में सैफुल की लंबे समय तक मौजूदगी को जांच एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं।----
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार