पीपलकोटी टेल रेस सुरंग हादसा : मृतकों के परिजनों को पांच लाख, घायलों को एक लाख देगी टीएचडीसी

युगवार्ता    15-Aug-2026
Total Views |
टीएचडीसी लोगो  फाइल चित्र।


ऋषिकेश, 15 अगस्त (हि.स.)। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) के टेल रेस टनल (टीआरटी) में 13 अगस्त को हुए हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों और घायलों के लिए टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने शनिवार को अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

टीएचडीसीआईएल के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रमिक के निकटतम परिजन को पांच लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल श्रमिक को एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। प्रबंधन ने कहा कि इस कठिन समय में टीएचडीसीआईएल प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना है। परियोजना की टेल रेस टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया था। हादसे में श्रमिकों के हताहत होने की घटना के बाद कंपनी ने अब प्रभावित परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags