
राजकोट, 16 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के राजकोट में तालाब में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चे और एक 18 वर्षीय युवक भी है। मृतक सोहन का आज रविवार को 10वां जन्मदिन था।
रोंकी गांव निवासी साजिदभाई सोरा का परिवार बेटे सोहन के 10वें जन्मदिन के अवसर पर परिवार के साथ कुुवाडवा रोड थाना क्षेत्र में बेडी गांव की सीमा स्थित वीडी पीर दरगाह पर दर्शन और भोजन के लिए गया था। इसी दौरान 5 वर्षीय सेफू पास स्थित तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देख अन्य बच्चे उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान 18 वर्षीय साहिल सोरा भी उन्हें बचाने के लिए तालाब में कूद गया। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तत्काल तालाब में उतरे और चारों को बाहर निकाला। पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान सोहन सोरा (10), सेफू सोरा (5), साहिल सोरा (18) और अलीफा सोरा (10) के रूप में हुई है। सबसे हृदयविदारक बात यह है कि सोहन का आज ही जन्मदिन था, लेकिन जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।
एसीपी भावेश जाधव ने बताया कि बेडी गांव की सीमा में स्थित वीडी पीर दरगाह पर परिवार सोहन के जन्मदिन के अवसर पर गया था। इसके बाद बच्चे पास में स्थित तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। बच्चों को डूबता देखकर युवक उन्हें बचाने के लिए पानी में गया, लेकिन वह भी उनके साथ डूब गया। कुवाडवा रोड पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे