स्पेन के स्यूटा में सैकड़ों प्रवासियों का प्रदर्शन, मोरक्को वापस भेजे जाने का किया विरोध

युगवार्ता    16-Aug-2026
Total Views |

मैड्रिड, 16 अगस्त (हि.स.)। स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र स्यूटा में हाल ही में प्रवेश करने वाले सैकड़ों प्रवासियों ने रविवार को प्रदर्शन कर शरण देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पेनिश अधिकारियों से उन्हें मोरक्को वापस नहीं भेजने की अपील की।

ये प्रवासी उन हजारों लोगों में शामिल हैं, जो करीब दो सप्ताह पहले स्यूटा में बड़े पैमाने पर सीमा पार करने के बाद अब भी वहां मौजूद हैं। उस दौरान 72 हजार से अधिक लोगों ने करीब 80 हजार की आबादी वाले इस छोटे से क्षेत्र में प्रवेश किया था। इनमें से अधिकांश लोग बाद के दिनों में स्वेच्छा से वापस लौट गए।

स्यूटा के संसाधनों पर दबाव बढ़ने के कारण कई प्रवासी एल ट्राम्पोलिन समुद्र तट और शहर के बाहरी इलाकों में बेहद खराब परिस्थितियों में रह रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने स्पेन के झंडे और ‘हम मोरक्को वापस नहीं जाना चाहते’ तथा ‘हम भी इंसान हैं’ जैसे संदेश लिखी तख्तियां उठाईं।

मोरक्को के तेतुआन निवासी अयूब एलारूद ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि वे समुद्र के किनारे ठंड और दुर्गंध के बीच सोने को मजबूर हैं और बहुत परेशानी झेल रहे हैं।

स्पेन के गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांदे-मर्लास्का ने कहा है कि अवैध रूप से स्यूटा में प्रवेश करने वाले प्रवासियों को सामान्य परिस्थितियों में वहां रहने, मुख्य भूमि स्पेन जाने या कानूनी दर्जा हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, अत्यधिक संवेदनशील परिस्थितियों वाले कुछ मामलों में अपवाद हो सकता है।

स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है। स्यूटा के चिकित्सा बोर्ड के प्रमुख एनरिके रोविराल्ता ने स्वास्थ्यकर्मियों के थकने की बात कही। उन्होंने संक्रामक दस्त और खुजली जैसी बीमारियों के मामले बढ़ने तथा हिंसा से जुड़ी चोटों में वृद्धि का भी दावा किया।

हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने स्वास्थ्य सेवाओं के पूरी तरह चरमरा जाने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सेवाओं पर दबाव जरूर है, लेकिन प्रवासियों को बीमारी से जोड़ना अन्यायपूर्ण और ज़ेनोफोबिक है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags