
रायपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ सोमवार देर शाम छत्तीसगढ़ के रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर भाजपा नेता अजय चंद्राकर से जुड़े एक कथित भ्रामक और एडिटेड वीडियो को शेयर करने के आरोप में की गई है। मामले की शिकायत भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की ओर से दर्ज कराई गई है।
दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में नेशनल कांग्रेस और जेन-जी इंडिया के सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में सोशल मीडिया के माध्यम से किए गए कथित आपत्तिजनक एवं विवादित प्रचार-प्रसार को लेकर आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया है कि संबंधित पोस्ट और बयानों के जरिए ऐसी सामग्री प्रसारित की गई, जिससे सामाजिक स्तर पर भ्रम और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया गया था कि चंद्राकर ने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताया। हालांकि, पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि पुराना था। इसे स्वतंत्रता दिवस के दिन वायरल किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा