
काठमांडू, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने आज नेपाल की अपनी आधिकारिक यात्रा की औपचारिक शुरुआत की। रविवार शाम पहुंचने के बाद सोमवार को उन्होंने सबसे पहले काठमांडू के सैनिक मंच स्थित शहीद गेट पर पहुंचकर वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद टुंडीखेल स्थित सैनिक मंच में नेपाली सेना की ओर से भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसी दौरान जनरल सेठ ने सम्मान गारद का निरीक्षण किया।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद जनरल सेठ नेपाली सेना के मुख्यालय पहुंचे, जहां नेपाली सेना के प्रधान सेनापति जनरल अशोक राज सिग्देल ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर नेपाली सेना के वरिष्ठ एवं शीर्ष अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सैनिक मुख्यालय, जंगी अड्डा में जनरल सेठ और नेपाली सेना के प्रधान सेनापति जनरल अशोक राज सिग्देल के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक और पारंपरिक सैन्य संबंधों को और मजबूत करने सहित आपसी सहयोग के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
इसी दौरान नेपाली सेना के डीजीएमओ ने भारतीय थलसेनाध्यक्ष को नेपाली सेना की ओर से अब तक किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। जनरल धीरज सेठ की नेपाल यात्रा के दौरान आज एक महत्वपूर्ण सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल आज अपराह्न जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानार्थ महारथी (ऑनरेरी जनरल रैंक) की उपाधि प्रदान करेंगे।
भारत और नेपाल के बीच सैन्य संबंधों में इस सम्मान की विशेष परंपरा रही है। दोनों देशों के थलसेनाध्यक्षों को एक-दूसरे की सेना में मानार्थ जनरल की उपाधि प्रदान करने की परंपरा लंबे समय से दोनों देशों के बीच कायम घनिष्ठ सैन्य संबंधों का प्रतीक मानी जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास