विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: पीवी सिंधु ने दर्ज की शानदार जीत, सीधे गेम में रेचल नोबल को हराया

युगवार्ता    17-Aug-2026
Total Views |
पीवी सिंधु


नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने सोमवार को नई दिल्ली में शुरू हुई बीएफडब्ल्यू विश्व चैंपियनशिप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। सिंधु ने महिला एकल के राउंड ऑफ 64 मुकाबले में आयरलैंड की रेचल नोबल को सीधे गेम में 21-7, 21-11 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

इंदिरा गांधी स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच सिंधु ने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने पहले गेम में तेज शुरुआत करते हुए 11-3 की बढ़त हासिल की। अपनी तेज स्मैश और आक्रामक खेल से सिंधु ने नोबल को लगातार दबाव में रखा।

सिंधु ने इसके बाद बढ़त को और मजबूत करते हुए स्कोर 17-4 कर दिया और महज 12 मिनट में पहला गेम 21-7 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में नोबल ने वापसी की कोशिश की और सिंधु को कुछ देर चुनौती दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा। सिंधु ने रैलियों पर पकड़ बनाए रखते हुए लगातार अंक जुटाए और दूसरा गेम 21-11 से जीत लिया।

इस तरह सिंधु ने मुकाबला सीधे गेम में अपने नाम किया और विश्व चैंपियनशिप के पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन के साथ अगले दौर में जगह बनाई। घरेलू दर्शकों के सामने मिली इस जीत से सिंधु ने टूर्नामेंट में अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags