लाल निशान पर बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स 281 अंक टूटा

युगवार्ता    17-Aug-2026
Total Views |
शेयर बाजार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार के दोनों मानक सूचकांक लाल निशान पर बंद हुआ। कच्चे तेल के दाम में तेजी और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने के बीच सेंसेक्स 281 अंक के नुकसान में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की गिरावट आई। इससे निवेशकों के लगभग 79 हजार करोड़ रुपये डूब गए।

कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 फीसदी टूटकर 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 555.5 अंक की गिरावट के साथ 77,453.75 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 78.35 अंक यानी 0.32 फीसदी की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर बंद हुआ।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। दूसरी ओर लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। इसके साथ ही वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 प्रतिशत बढ़कर 89.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बढ़ती तेल कीमतों और बिकवाली के दबाव से आज निवेशकों के लगभग 79,000 करोड़ रुपये डूब गए।

सेंसेक्स पिछले हफ्ते अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को 70.71 अंक और निफ्टी 29.85 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags