महाराष्ट्र के तारापुर एमआईडीसी की विराज प्रोफाइल कंपनी में जबरदस्त विस्फोट, तीन मजदूर घायल

युगवार्ता    17-Aug-2026
Total Views |

मुंबई, 17 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर स्थित तारापुर एमआईडीसी इलाके में विराज प्रोफाइल कंपनी के एसएमएस-1 प्लांट में सोमवार सुबह अचानक जबरदस्त विस्फोट हो जाने से तीन मजदूर घायल हो गए। इस घटना के बाद कंपनी में अफरा तफरी मच गई और मजदूर बाहर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंपनी में सुबह पहली शिफ्ट का काम शुरू होने के कुछ ही देर बाद फर्नेस टैंक में अचानक स्फोट हुआ। इसके बाद कंपनी में आग लग गई। फैक्टरी में करीब 100 से 150 मजदूर मौजूद थे। धमाके की तेज आवाज सुनकर कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि कुछ मजदूरों के घटनास्थल पर फंसे होने की आशंका है। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम राहत और बचाव कार्य करते हुए आग बुझाने का भी काम कर रही हैं। फिलहाल धमाका किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि आज सुबह विराज कंपनी में लगातार तीन बार जोरदार विस्फोट होने से हडक़ंप मच गया। स्फोट इतने शक्तिशाली थे कि आसपास का इलाका दहल उठा। फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चादरें दूर जा गिरीं, जबकि सिक्योरिटी गार्ड के केबिन के कांच भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। अब तक तीन मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सवाल उठते रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags