इजराइल ने सीरिया पर हमले से पहले अमेरिका को दी थी ‘बेहद संवेदनशील खुफिया जानकारी’

युगवार्ता    18-Aug-2026
Total Views |

वाशिंगटन, 18 अगस्त (हि.स.)। इजराइल ने उत्तर-पश्चिमी सीरिया के एक एयरबेस पर कथित तौर पर किए गए हवाई हमले से पहले अमेरिका को इसकी जानकारी दी थी। एक वरिष्ठ इजराइली अधिकारी के मुताबिक हमले से जुड़ी “बेहद संवेदनशील खुफिया जानकारी” अमेरिकी अधिकारियों के साथ साझा की गई थी।

अधिकारी ने बताया कि यह जानकारी दोनों देशों की विभिन्न एजेंसियों और संस्थानों के सबसे वरिष्ठ स्तर पर साझा की गई। उन्होंने हमले की अन्य जानकारियां देने से इनकार करते हुए कहा कि खुफिया जानकारी बेहद गोपनीय है।

बताया जा रहा है कि इजराइल ने अबू दुहूर सैन्य हवाई अड्डे पर हमले किए। सीरिया ने इन हमलों के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, सीरिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत टॉम बैरक ने भी इन हमलों को “पुष्ट इजराइली हवाई हमले” बताया और उनकी सार्वजनिक रूप से निंदा की।

इजराइली अधिकारी ने सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा को लेकर कहा कि उन्हें समझना होगा कि वह पिछली सीरियाई सरकार की तरह प्रॉक्सी ताकतों के सहारे काम नहीं कर सकते। अधिकारी ने यह भी संभावना जताई कि उन्हें हमले की स्थिति की पूरी जानकारी नहीं रही होगी।

इजराइल लंबे समय से सीरिया में तुर्किए के बढ़ते सैन्य और राजनीतिक प्रभाव को लेकर चिंतित रहा है। इसी वजह से वह सीरिया में तुर्किए की मौजूदगी और नई सीरियाई सरकार की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की कोशिशों पर नजर रख रहा है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags