जम्मू-कश्मीर के दौरे पर अमेरिकी राजदूत ने कहा, ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा करेगा वॉशिंगटन

युगवार्ता    19-Aug-2026
Total Views |

श्रीनगर, 19 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइज़री (यात्रा सलाह) की वाशिंगटन फिर से समीक्षा करेगा।

गुपकर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से उनके आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गोर ने कहा कि अमेरिका समय-समय पर अपनी ट्रैवल एडवाइज़री की समीक्षा करता रहता है। गोर ने कहा कि अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग (यात्रा चेतावनी) जारी करता है और हम समय-समय पर उन चेतावनियों का फिर से मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने कहा कि वे आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकते लेकिन यह एक ऐसी चीज़ है जिस पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार और जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की दिशा में कुछ बेहतरीन कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हम इस बात पर विचार करेंगे कि क्या अमेरिका द्वारा जारी की गई ट्रैवल वॉर्निंग को कम (डाउनग्रेड) किया जाना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर आए गोर ने इस क्षेत्र को बेहद खूबसूरत बताते हुए कहा कि कई अमेरिकी यहां घूमने का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि `यह एक खूबसूरत इलाका है। मुझे लगता है कि बहुत-से अमेरिकी यहां आने और यहां मौजूद सुंदरता और अवसरों को देखने का आनंद लेंगे।'

राजदूत ने उमर के साथ अपनी मुलाकात को बहुत अच्छा और बहुत सौहार्दपूर्ण बताया और कहा कि आगे के मुद्दों पर वाशिंगटन और नई दिल्ली के साथ चर्चा की जाएगी। गोर ने कहा कि `हमारे पास कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें हम वाशिंगटन और दिल्ली ले जाना चाहते हैं। लेकिन बातचीत बहुत गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण रही और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।'

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Tags