हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की जिजान रिफाइनरी को ड्रोन से बनाया निशाना

युगवार्ता    19-Aug-2026
Total Views |

सना/रियाद, 18 अगस्त (हि.स.)। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दक्षिणी लाल सागर तट पर स्थित जिजान में सऊदी अरामको की तेल रिफाइनरी को ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया है। हूती मीडिया के अनुसार, यह हमला यमन के सादा और हज्जाह प्रांतों में कथित हवाई क्षेत्र उल्लंघन के जवाब में किया गया।

हूती समाचार एजेंसी सबा ने एक सैन्य सूत्र के हवाले से बताया कि समूह ने “कई ड्रोन” के जरिए जिजान स्थित अरामको रिफाइनरी को निशाना बनाया। हालांकि, हमले से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ अपने हमले तेज करने के साथ ही समुद्री नाकेबंदी की घोषणा की है। सऊदी अरब लंबे समय से यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता रहा है और अतीत में हूती ठिकानों के खिलाफ सैन्य अभियान चला चुका है।

हूतियों ने हाल के दिनों में सऊदी तेल टैंकरों और यमनी सरकारी बलों को भी निशाना बनाया है। समूह इससे पहले सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों और हवाई अड्डों पर कई हमले कर चुका है।

संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता ने इन हमलों की खबरों पर “गहरी चिंता” जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमलों से यमन व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष में और अधिक उलझ सकता है।

संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में पहले से जारी तनाव के बीच ऐसे हमलों से क्षेत्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि हूती विद्रोहियों ने पिछले महीने ईरान के एक विमान के यमन की राजधानी सना में उतरने का भी स्वागत किया था। इसके बाद क्षेत्र में एक-दूसरे के खिलाफ हमलों का सिलसिला तेज हुआ है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags