कोलकाता, 19 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध रखने वाले पाकिस्तानी नागरिक वहाब आलम के तीसरे स्थानीय सहयोगी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जफर शम्स उर्फ सनी के रूप में हुई है। आलम को इस महीने की शुरुआत में उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पूर्वी कोलकाता के तोपसिया का रहने वाला सनी आलम की गिरफ्तारी के बाद से फरार था। एसटीएफ ने उसे हुगली जिले के रिषड़ा से गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी का समय और अभियान से जुड़ी अन्य जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है।
एसटीएफ अधिकारी सनी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह आलम की कथित गतिविधियों में किस तरह शामिल था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि सनी ने भारत से गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तक पहुंचाने के लिए आलम द्वारा तैयार किए जा रहे गुप्त नेटवर्क को मजबूत करने में भूमिका निभाई हो सकती है।
इससे दो दिन पहले एसटीएफ ने आलम के दूसरे सहयोगी इमरान हुसैन को टॉपसिया स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था। इससे पहले आलम के करीबी सहयोगी मोहम्मद इजाज को भी इसी इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
जांच में सामने आया है कि आलम कथित तौर पर 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से पश्चिम बंगाल में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह इजाज के घर पर रहता था। आरोप है कि इजाज ने पाकिस्तानी नागरिक के लिए भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने में उसकी मदद की थी।
एसटीएफ को सनी के बारे में जानकारी आलम, इजाज और इमरान से अलग-अलग और बाद में एक साथ की गई पूछताछ के दौरान मिली। इस मामले में एसटीएफ ने 14 अगस्त की रात भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे कूचबिहार जिले के साहेबगंज इलाके से तीन अन्य संदिग्ध पाकिस्तानी जासूसों को भी गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान राशिदुल हक, नूर नसीरुद्दीन अली और शफीकुल इस्लाम के रूप में हुई है। तीनों भारतीय नागरिक बताए गए हैं।
इधर, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी वहाब आलम के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। एसटीएफ की शुरुआती जांच में आलम के आईएसआई से कथित संबंध सामने आने के बाद एनआईए ने पश्चिम बंगाल एसटीएफ से जांच और अब तक जुटाई गई जानकारी मांगी है।
एनआईए आलम और इजाज से पूछताछ करेगी। जरूरत पड़ने पर इमरान हुसैन तथा कूचबिहार से गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपितों से भी पूछताछ की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर