उप्र-जापान इन्वेस्टमेन्ट मीट में मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय मंत्री भी हुए शामिल, औद्योगिक सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई

युगवार्ता    19-Aug-2026
Total Views |
यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट की बैठक करते मुख्यमंत्री योगी


लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, तकनीक, नवाचार, विनिर्माण, कौशल विकास एवं औद्योगिक सहयोग को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेन्ट मीट-2026 में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को जापानी उद्योगों के लिए दीर्घकालिक निवेश एवं औद्योगिक साझेदारी के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि. तथा स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लि. की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउण्ड ब्रेकिंग की गयी। एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि. द्वारा ट्रैक्टर एवं निर्माण उपकरणों के निर्माण के लिए यीडा के सेक्टर-10 में परियोजना स्थापित की जा रही है, जिससे लगभग 3,800 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की सम्भावना है। स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लि. द्वारा यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 10 हजार 166 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है तथा लगभग 6,440 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इस मौके पर केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन होने के साथ-साथ दुनिया के निवेश का गन्तव्य भी बन रहा है। भारत और जापान दो अत्यन्त प्राचीन और महान राष्ट्र हैं। भारत और जापान का सम्बन्ध केवल दो देशों का नहीं बल्कि यह दो संस्कृतियों का संवाद, दो सभ्यताओं का संगम और दो संकल्पों का समन्वय है। कृषि मंत्री ने कहा कि भारत और जापान प्रतियोगिता में नहीं बल्कि कोलैबोरेशन, कोऑपरेशन और कोऑर्डिनेशन में विश्वास करते हैं। जापान के साथ भारत की पार्टनरशिप केवल इन्वेस्टमेन्ट पार्टनरशिप नहीं बल्कि डेवलपमेन्ट, डिप्लोमेसी और डिग्निटी की पार्टनरशिप है। उत्तर प्रदेश जापानी उद्योगों को केवल इन्वेस्टर्स नहीं बल्कि डेवलपमेन्ट पार्टनर मानेगा। इन्वेस्टमेन्ट का सर्वोत्तम रूप वह है, जो कैपिटल के साथ कैपेबिलिटी, टेक्नोलॉजी के साथ टैलेन्ट और प्रॉफिट के साथ प्रोस्पैरिटी लाए तथा रेवेन्यू से अधिक रिलेशन को मजबूत करे।

केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेन्ट मीट भारत-जापान तथा उत्तर प्रदेश-यामानाशी सम्बन्धों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भारत की आर्थिक संवृद्धि को दुनिया ने स्वीकार किया है। भारत 06 से 08 प्रतिशत की सतत वृद्धि दर, नियन्त्रित महंगाई और स्वस्थ बैलेन्स शीट के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा के प्रमुख स्तम्भ सोशल, डिजिटल एवं फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश, समावेशी विकास, मैन्युफैक्चरिंग एवं इनोवेशन और कानूनों एवं रेगुलेशन का सरलीकरण शामिल है। भारत में प्रतिवर्ष लगभग 130 बिलियन अमेरिकी डॉलर का सतत सार्वजनिक निवेश किया जा रहा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर में किए जा रहे निवेश से आर्थिक गतिविधियों को व्यापक गति मिली है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज हम भारत की सबसे बड़ी आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के मध्य साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यहां पर एकत्रित हुए हैं। यह पार्टनरशिप ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी, कल्चर, इन्वेस्टमेन्ट और शेयर्ड विजन के स्ट्रॉन्ग फाउण्डेशन पर निर्मित है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जापान का सम्बन्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित हैं, जिसमें भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन व मध्य मार्ग तथा दोनों देशों के साझा मूल्य हैं। भारत-जापान की साझेदारी शेयर्ड ग्रोथ, शेयर्ड टेक्नोलॉजी एण्ड शेयर्ड प्रोस्पेरिटी की साझेदारी है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की टॉप-थ्री इकोनॉमी में सम्मिलित होते हुए भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है। विगत 09 वर्षों में हमने सेफ्टी, स्टेबिलिटी एण्ड स्पीड के साथ उत्तर प्रदेश के बजट को, उत्तर प्रदेश की जी0एस0डी0पी0 को, उत्तर प्रदेश की पर कैपिटा इनकम को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश में वीमेन वर्क फोर्स पार्टिसिपेशन की भी जो भागीदारी है, उसकी यह तीन गुना से अधिक हुई है। 01 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनने की दिशा में हम मजबूती के साथ आगे बढ़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के सम्बन्ध हमारी प्राचीन सभ्यतागत विरासत पर आधारित हैं। जापान लैण्ड ऑफ राइजिंग सन है और उत्तर प्रदेश लैण्ड ऑफ सूर्यवंश, लैण्ड ऑफ श्रीराम, लैण्ड ऑफ श्रीकृष्ण, लैण्ड ऑफ बुद्धा तथा लैण्ड ऑफ अनलिमिटेड पोटेंशियल है। भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े कपिलवस्तु, सारनाथ, श्रावस्ती और कुशीनगर जैसे विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ स्थल उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। भगवान बुद्ध का प्रसाद काला नमक चावल हमारी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना’ का हिस्सा है।

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भारत और जापान के सम्बन्ध गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव, साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और भविष्य के साझा विजन पर आधारित हैं।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड के प्रेसिडेन्ट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिंगो हानाडा ने उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार और इन्वेस्ट यू0पी0 के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक केन्द्रों में से एक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और भविष्य की सम्भावनाओं पर विश्वास व्यक्त किया।

स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिण्डा ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, फ्रेट एवं इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर, वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, इण्डस्ट्रियल पार्क, स्किल्ड मैनपावर, स्मार्ट टाउनशिप और नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही हैं।

आकाश मिण्डा ने कहा कि मिण्डा समूह उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों से अधिक समय से कार्य करते हुए वर्तमान में नौ हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है। समूह एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, मोटर पार्ट्स, ई0वी0 प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा डिजाइन एवं डेवलपमेन्ट सेन्टर के क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। जापान की वर्ल्ड क्लास टेक्नोलॉजी, ग्लोबल क्वॉलिटी और प्रिसीजन मैन्युफैक्चरिंग तथा उत्तर प्रदेश के स्केल, टैलेन्ट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, पॉलिसी सपोर्ट और बड़े बाजार का संयोजन अत्यन्त प्रभावी औद्योगिक साझेदारी का आधार बन सकता है।

इस अवसर पर यामानाशी प्रीफेक्चर, जापान के गवर्नर कोटारो नागासाकी, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।-------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Tags