असम बाढ़ : रिलायंस फ़ाउंडेशन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ का दिया योगदान

युगवार्ता    02-Aug-2026
Total Views |
असम बाढ़ः बाढ़ के पानी में डूबा प्राथमिक विद्यालय का दृश्य


गुवाहाटी, 02 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार काे बताया कि रिलायंस फ़ाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने ऊपरी असम में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ का योगदान दिया है।

सोशल मीडिया फेसबुक पर मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट शेयर करते हुए अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन का आभार जताते हुए कहा कि इस संगठन ने संकट के समय में हमेशा असम के लोगों की मदद की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी राज्य ने मुश्किल समय का सामना किया है, रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी हमेशा असम के लोगों के साथ खड़ी रही हैं।

डॉ. सरमा ने कोविड-19 महामारी के दौरान फ़ाउंडेशन की मदद को याद किया, जब उसने राज्य के लोगों को समय पर सहायता प्रदान की थी। कहा कि इस नए योगदान से ऊपरी असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए राहत और पुनर्वास के प्रयासों को मज़बूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आर्थिक सहायता के साथ-साथ, रिलायंस फ़ाउंडेशन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में भोजन, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन आश्रय और पशुधन के लिए सहायता प्रदान करने का काम कर रही हैं।

डॉ. सरमा ने कहा कि मैं असम के लोगों के प्रति उनकी संवेदना, दया और समर्थन के लिए नीता अंबानी और रिलायंस फ़ाउंडेशन का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags