नेपाल में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की संभावना, इंडियन ऑयल ने दी कीमतों की नई सूची

युगवार्ता    02-Aug-2026
Total Views |
नेपाल आयल निगम का भंडारण


काठमांडू, 02 अगस्त (हि.स.)। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन ने नेपाल आयल निगम को पेट्रोलियम पदार्थों की नई कीमतों की सूची सौंप दी है। इस बार भारत से पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में दोहरे अंक (डबल डिजिट) की बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से नेपाल में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, भारतीय ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) प्रत्येक माह के अंतिम दिन और 15 तारीख को पेट्रोलियम पदार्थों की नई कीमतों की सूची नेपाल ऑयल निगम को सौंपता है। नई कीमतें प्राप्त होने के बाद नेपाल ऑयल निगम उसी के आधार पर घरेलू दरों में संशोधन करता है। इसी आधार पर नेपाल ऑयल निगम आमतौर पर हर महीने की 1 और 16 तारीख को पेट्रोलियम पदार्थों की नई मूल्य सूची जारी करता है। हालांकि, 1 अगस्त को नई कीमतें मिलने के बावजूद निगम ने अभी तक नई मूल्य सूची सार्वजनिक नहीं की है।

स्वचालित मूल्य निर्धारण प्रणाली के अनुसार निगम प्रबंधन को अधिकतम 2 रुपये तक कीमत बढ़ाने या घटाने का अधिकार है। यदि इससे अधिक संशोधन करना हो, तो कानूनी प्रावधान के अनुसार निगम के निदेशक मंडल (बोर्ड) की बैठक बुलाकर निर्णय लेना अनिवार्य होता है।

नेपाल ऑयल निगम के प्रवक्ता मनोज कुमार ठाकुर के अनुसार इस बार आईओसी से प्राप्त नई कीमतों में बड़ा बदलाव हुआ है। इसलिए निदेशक मंडल की बैठक में निर्णय होने के बाद ही नई मूल्य सूची जारी की जाएगी।

उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय के आपूर्ति सचिव निगम के निदेशक मंडल के अध्यक्ष होते हैं। वर्तमान में मंत्रालय के सचिव नारायण प्रसाद शर्मा दुवाडी इस पद पर हैं।

निदेशक मंडल में उद्योग मंत्रालय के सहसचिव नेत्रप्रसाद सुवेदी, वित्त मंत्रालय के सहसचिव शंकर बहादुर केसी, गुणवत्ता एवं नापतौल विभाग की महानिदेशक कुमारी ज्योति जोशी, वाणिज्य विभाग के महानिदेशक मोतिराम सापकोटा, विशेषज्ञ सदस्य नरबहादुर ऐर, सदस्य सचिव इंजीनियर दीपक बराल तथा आमंत्रित सदस्य के रूप में आधिकारिक ट्रेड यूनियन के वीरेन्द्र बहादुर चन्द शामिल हैं।

निगम के अनुसार निगम के प्रवक्ता ठाकुर ने बताया, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के कारण आईओसी से प्राप्त नई मूल्य सूची में भी वृद्धि हुई है। शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण निदेशक मंडल की बैठक में देरी हुई है। बैठक के निर्णय के बाद ही नई कीमतें लागू की जाएंगी।

भारत से कीमतें बढ़कर आने के कारण नेपाल में भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, नेपाल ऑयल निगम नई मूल्य सूची कब जारी करेगा, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags