अहिल्यानगर के 'गोल्डन मार्केट' में 'मेड इन पाकिस्तान' मार्का लगे कॉस्मेटिक्स जब्त

युगवार्ता    02-Aug-2026
Total Views |

मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। अहिल्यानगर जिले के संगमनेर में गोल्डन मार्केट में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) की टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रुप से रविवार को छापा मारकर 'मेड इन पाकिस्तान' मार्का लगे कॉस्मेटिक्स जब्त किए हैं। इस मामले में दुकानदार शाहिद रियाज शेख (36) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे एफडीए अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से बाजार में बेचने के लिए रखे गए इन कॉस्मेटिक्स पर साफ़ तौर पर 'मेड इन पाकिस्तान' लिखा हुआ था। इनमें 'गोरी ब्यूटी क्रीम' और 'गोरी डे एंड नाइट क्रीम' शामिल हैं, जिन्हें इंसानी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक माना जाता है। भारत में बिक्री की कोई अधिकृत परमिशन न होने के बावजूद यह स्टॉक अहिल्यानगर कैसे पहुँच गया? एफडीए और पुलिस प्रशासन अब इसकी जांच कर रहे हैं।

एफडीए की रेड में पता चला है कि पाकिस्तान में बने ब्यूटी प्रोडक्ट्स संगमनेर शहर में गैर-कानूनी तरीके से बेचे जा रहे हैं। एफडीए ने संगमनेर शहर से 14,000 रुपये कीमत के 'मेड इन पाकिस्तान' कॉस्मेटिक्स का स्टॉक जब्त किया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags