राजस्थान की संस्कृति युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़े रखने का सशक्त माध्यम:डॉ रामावतार किला

युगवार्ता    20-Aug-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान फाउंडेशन (दिल्ली चैप्टर) के अध्यक्ष सी.ए. (डॉ.) रामावतार किला ने गुरुवार को कहा कि राजस्थान की संस्कृति प्रवासी राजस्थानियों को एकजुट रखने तथा युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और सामाजिक सरोकारों से जोड़े रखने का सशक्त माध्यम है।

डॉ रामावतार किला ने आज दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में राजस्थान फाउंडेशन (दिल्ली चैप्टर) एवं राजस्थानी मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “तीज महोत्सव” के समापन पर अपने विचार साझा किये।

इस कार्यक्रम के माध्यम दिल्ली-एनसीआर में बसे प्रवासी राजस्थानी अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से रूबरू हुए।

प्रतिभागियों और कलाकारों को पुरस्कृत करते हुए डॉ. रामावतार किला ने कहा, राजस्थान की संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर और पहचान है। ऐसे आयोजन प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने राजस्थानी समाज के बीच आपसी संपर्क, सहयोग और सांस्कृतिक जुड़ाव को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।

मुख्य आवासीय आयुक्त रोहित कुमार (आईएएस) ने भी समाज का आह्वान किया कि वे आपसी संपर्क और सहभागिता को बढ़ावा देकर अपनी अनूठी विरासत को आगे बढ़ाएं।

पहले दिन की झलकियों में तीज और लोकप्रिय राजस्थानी गीतों पर एकल व युगल प्रस्तुतियां दी गईं। सुशीला किला एवं अनिता किला की भावपूर्ण गायन प्रस्तुति ने समां बांधा और उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा का संचार किया।

दूसरे दिन के उल्लास में गायक तेजस धाकड़ की प्रभावशाली गायन प्रस्तुति और सुशीला किला के एकल गायन को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके पश्चात मुद्रा स्टूडियो के नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने पूरे सभागार की तालियां बटोरीं।

इस दो दिवसीय समारोह में पहले दिन राजस्थान सरकार के मुख्य आवासीय आयुक्त रोहित कुमार (आईएएस), राजस्थानी अकादमी के अध्यक्ष गौरव गुप्ता, राजस्थान संस्था संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.के. नरेडा, विमल खंडेलवाल, प्रवासी राज अग्रवाल एवं सी.ए. विनोद किला उपस्थित रहे।

दूसरे दिन राजस्थान संस्था संघ के अध्यक्ष नवरतन अग्रवाल (बीकानेरवाला), एसीपी देवेंद्र सैनी, अनमोल अग्रवाल, हरमीत लाल सिंह, अभिषेक जैन, श्याम सुंदर अग्रवाल और अनुज अग्रवाल ने शिरकत की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags