नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। मुंबई की उपनगरीय रेल सेवा के लिए रेलवे 238 एसी ईएमयू रेक बनाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन रेक का निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ), कपूरथला की रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) और रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्टरी (एमसीएफ) में किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (एमयूटीपी) के तहत तैयार हो रहे रेल ढांचे के साथ एसी लोकल ट्रेनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
योजना के तहत आईसीएफ 120, आरसीएफ 71 और एमसीएफ 47 एसी ईएमयू रेक बनाएगी। तीनों कारखाने मिलकर कुल 238 रेक तैयार करेंगे।
रेलवे बोर्ड ने इन एसी ईएमयू रेक के निर्माण के लिए पहले से इस्तेमाल हो रहे आरडीएसओ और आईसीएफ के मानकों को मंजूरी दी है। इससे ट्रेनों का निर्माण और उनकी आपूर्ति तेजी से करने में मदद मिलेगी।
रेलवे की उत्पादन इकाइयां पहले से ही एसी ईएमयू के अलावा वंदे भारत और वंदे मेट्रो जैसी आधुनिक यात्री ट्रेनों का निर्माण कर रही हैं।
रेलवे के मुताबिक, एसी ईएमयू की आपूर्ति 2027 से शुरू होगी और 2030 तक सभी 238 रेक तैयार कर लिए जाएंगे। इससे मुंबई में नए रेल ढांचे के तैयार होने के साथ ही उसके लिए जरूरी ट्रेनों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी और यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार