
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)।
नागालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने वोखा जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। बैठक में नागालैंड समेत पूर्वोत्तर में सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे, आजीविका तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे ने इस क्षेत्र को देश की आर्थिक विकास यात्रा से और मजबूती से जोड़ा है।
उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर में हवाई अड्डों की संख्या 2014 के 9 से बढ़कर 2026 में 17 हो गई है। वहीं, उड़ान योजना के तहत करीब 90 क्षेत्रीय हवाई मार्ग संचालित किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग के साथ डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं। पूर्वोत्तर अब भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बन रहा है।
बैठक में वोखा-मेरापानी सड़क को गोलाघाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने, वोखा-बोकाजान सड़क के उन्नयन और वोखा में जिला कार्यालय परिसर, बाजार, स्टेडियम तथा संपर्क मार्गों के विकास की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा वोखा जिले में मानव-हाथी संघर्ष का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। प्रतिनिधियों ने फसलों और संपत्ति के नुकसान के साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा और आजीविका को लेकर विशेष पैकेज की मांग की।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से रोजगार, आजीविका और आर्थिक अवसरों को बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच निरंतर सहयोग से यह क्षेत्र विकसित भारत के विकास का महत्वपूर्ण इंजन बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी