सलमान खान की अगली फिल्म का नाम तय, 'द मॉन्स्टर' में दिखेगा नया अवतार

युगवार्ता    20-Aug-2026
Total Views |
सलमान खान, नयनतारा - फोटो सोर्स एक्स


सलमान खान और नयनतारा की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'एसवीसी 63' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल राजू द्वारा निर्मित और वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का नाम 'द मॉन्स्टर' तय किया गया है।

हालांकि, निर्माताओं की ओर से फिल्म के शीर्षक की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माण कार्य जारी रहने के दौरान फिल्म के लिए 'द मॉन्स्टर' नाम तय किया गया है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसे अखिल भारतीय स्तर पर रिलीज किया जाएगा।

फिल्म के निर्माण का काम फिलहाल जारी है और टीम अक्टूबर 2026 तक इसकी शूटिंग पूरी करने की योजना पर काम कर रही है। निर्माताओं की ओर से फिल्म के आधिकारिक शीर्षक और पहला लुक जारी करने से पहले व्यापक प्रचार अभियान चलाने की तैयारी है। फिल्म की कहानी और सलमान तथा नयनतारा के किरदारों को फिलहाल पूरी तरह गुप्त रखा गया है। निर्माताओं ने पहले ही संकेत दिए हैं कि यह एक बड़े पैमाने की एक्शन-थ्रिलर होगी, जिसमें सलमान का एक नया और दमदार अवतार देखने को मिल सकता है।

श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स के बैनर तले दिल राजू द्वारा प्रस्तुत 'द मॉन्स्टर' सलमान खान, वामशी पेडिपल्ली और दिल राजू के बीच पहला सहयोग है। वहीं, नयनतारा पहली बार सलमान खान के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। अभिनेत्री इससे पहले शाहरुख खान अभिनीत 'जवान' में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन एटली ने किया था। सलमान की ईद रिलीज का दर्शकों के बीच खास क्रेज रहता है और अब 'द मॉन्स्टर' को ईद 2027 के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। सलमान और नयनतारा की नई जोड़ी तथा फिल्म के बड़े पैमाने को देखते हुए इसके आधिकारिक ऐलान का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags