
नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में इस वर्ष होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (सीओपी-31) से पहले जलवायु परिवर्तन से जुड़े प्रमुख मुद्दों और वैश्विक जलवायु वार्ताओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर सहयोग और प्रभावी जलवायु कार्रवाई की आवश्यकता पर चर्चा की। भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के वैश्विक प्रयासों में लगातार समाधान का हिस्सा रहा है।
उन्होंने जलवायु कार्रवाई के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सभी देशों के बीच सहयोग और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। भारत वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाता रहेगा।
ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए दीर्घकालिक समाधान विकसित करने की दिशा में भारत के सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोगात्मक भूमिका की सराहना की।
दोनों नेताओं ने जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग को और मजबूत करने तथा आगामी वैश्विक जलवायु वार्ताओं में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक को सीओपी-31 से पहले दोनों देशों के बीच जलवायु संबंधी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी