मप्रः केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने नागरिकों से किया संवाद, समस्याएं सुन मौके पर कराया निराकरण

युगवार्ता    21-Aug-2026
Total Views |
शिवराज सिंह चौहान नागरिकों से संवाद करते हुए


शिवराज सिंह चौहान नागरिकों से संवाद करते हुए


सीहोर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शाहगंज में आयोजित जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे। सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता की सेवा करने और शासन के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करने की अभिनव पहल है। अभियान के माध्यम से मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निराकरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करना उनका अधिकार है, इसलिए उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।

हितग्राहियों से की वन टू वन चर्चा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से वन-टू-वन चर्चा कर पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिला या नहीं तथा लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। शारदा अहिरवार ने बताया कि उन्होंने पीएम मुद्रा योजना के अंतर्गत पहले 10 हजार रुपये का ऋण लिया था और अब 25 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय स्थापित किया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत उनका ऋण स्वीकृत हो गया है। वहीं जितेंद्र एवं भागीरथ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है, आवास की सभी किश्तें प्राप्त हो गई हैं और उनका पक्का मकान भी बनकर तैयार हो गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ मिलने के संबंध में जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विभागों ने लगाए स्टॉल, शिविर में आए 68 आवेदन

कार्यक्रम में सभी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। केंद्रीय कृषि मंत्री ने सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया। शाहगंज में आयोजित शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, राज्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, शाहगंज नगर परिषद अध्यक्ष सोनम भार्गव, सिलाई कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मनोहर लाल महेशवरी, बुधनी जनपद अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एसपी सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ अर्चना पटेल, एसडीएम संजीव कुमार नागू, नगर परिषद के सीएमओ रामानुज मिश्रा, जनपद सीईओ सुप्रिया दुफरे, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags