एआईएपीजीईटी में बिजली गुल होने से प्रभावित 49 अभ्यर्थियों की 01 सितंबर को दोबारा परीक्षा

युगवार्ता    22-Aug-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को आयोजित अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) में जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा पूरी नहीं कर सके 49 अभ्यर्थियों के लिए पुन: परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। इन अभ्यर्थियों की पुन: परीक्षा 01 सितंबर को सुबह 10 बजे जयपुर स्थित राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमेन में आयोजित की जाएगी।

एनटीए के अनुसार, एआईएपीजीईटी-2026 के लिए शिफ्ट-1 में कुल 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,837 अभ्यर्थी देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। कुल 35,788 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी कर सके।

जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। हालांकि, केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। एनटीए ने बताया कि बिजली की समस्या परीक्षा संचालन एजेंसी मेसर्स एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित थी।

एनटीए ने परीक्षा पूरी नहीं कर पाने वाले सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। एजेंसी ने कहा कि पुन: परीक्षा के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को संशोधित प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिनमें परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध होंगे।

अभ्यर्थी किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags