यूक्रेन पहुंचे जर्मन विदेश मंत्री ने की रूस के बढ़ते हमलों की निंदा, 6 करोड़ यूरो की अतिरिक्त सहायता का ऐलान

युगवार्ता    22-Aug-2026
Total Views |

कीव, 22 अगस्त (हि.स.)। जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचकर रूस के बढ़ते हमलों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के खिलाफ “क्रूर आक्रामक युद्ध” तेज करने का आरोप लगाते हुए कीव को अतिरिक्त मानवीय और सुरक्षा सहायता देने का ऐलान किया।

यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाडेफुल ने कहा कि रूस का युद्ध कम होने के बजाय और अधिक तीव्र हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस मिसाइलों और ड्रोन हमलों के जरिए आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को जानबूझकर निशाना बना रहा है।

यह दौरा पूर्वी यूक्रेन में एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत के एक दिन बाद हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, वर्ष 2026 में यूक्रेन में नागरिकों की मौत का आंकड़ा युद्ध के शुरुआती महीनों के बाद से सबसे अधिक स्तर पर पहुंच गया है।

जर्मनी ने 6 करोड़ यूरो की अतिरिक्त सहायता घोषित की

वाडेफुल ने यूक्रेन के लिए 5 करोड़ यूरो की अतिरिक्त मानवीय सहायता देने की घोषणा की। यह राशि संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और अग्रिम मोर्चे के नजदीक रहने वाले लोगों की मदद करने वाले गैर-सरकारी संगठनों को दी जाएगी।

इसके अलावा, जर्मनी नाटो के एक फंड में 01 करोड़ यूरो और देगा। इस फंड का इस्तेमाल यूक्रेन के ऊर्जा नेटवर्क को मजबूत करने और ड्रोन हमलों से सुरक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

जर्मन विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेस्की से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वायु रक्षा और सर्दियों की तैयारियों पर चर्चा की। यूक्रेन को आशंका है कि सर्दियों के दौरान रूस उसके ऊर्जा ढांचे पर हमले और तेज कर सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags