नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 23 और 24 अगस्त को रूस की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा के दौरान जयशंकर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी-टीईसी) के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, आईआरआईजीसी-टीईसी की बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार