
चंडीगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में हिस्सा ले रही फाजिल्का फाल्कन्स की कमान संभालने को लेकर भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल खासे उत्साहित हैं। उन्होंने टीम में युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने को लेकर कहा कि यह टूर्नामेंट उनके लिए भी सीखने और अनुभव साझा करने का शानदार मौका होगा।
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की शुरुआत 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में होगी। खिताब के लिए छह टीमें आमने-सामने होंगी, जिसमें पंजाब के कई होनहार युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। फाजिल्का फाल्कन्स की कप्तानी भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट एवं वनडे कप्तान शुभमन गिल करेंगे।
कप्तानी और टीम को लेकर शुभमन गिल ने एक बयान में कहा कि `मैं फाजिल्का फाल्कन्स की कप्तानी करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। हमारे पास प्रतिभाशाली और रोमांचक खिलाड़ियों का समूह है। मैं टीम के साथ काम करने और सभी के साथ मिलकर खेलने को लेकर उत्सुक हूं। यह हम सभी के लिए एक-दूसरे से सीखने और अच्छा क्रिकेट खेलने का शानदार अवसर होगा।”
गिल ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की भी सराहना की, जिसने इस लीग का आयोजन कर युवा क्रिकेटरों को अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए एक मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि `मैं शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के आयोजन के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को धन्यवाद देना चाहता हूं। यह पंजाब के युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मंच है। उन्हें अनुभवी और गुणवत्ता वाले खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने, अनुभव हासिल करने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उम्मीद है कि इनमें से कई खिलाड़ी इस टूर्नामेंट को बड़े अवसरों की ओर बढ़ने के लिए एक सीढ़ी के रूप में इस्तेमाल कर पाएंगे।'
गिल फाजिल्का फाल्कन्स के युवा खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा करने को लेकर भी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि आत्मविश्वास, मैच की परिस्थितियों को समझना और दबाव में सही फैसले लेने की क्षमता युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद जरूरी है।
गिल ने कहा, “युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता पर विश्वास रखना और दबाव की स्थिति में शांत रहना बहुत जरूरी है। मैं उन्हें खेल को बेहतर तरीके से समझने में मदद करना चाहता हूं, चाहे वह परिस्थितियों को पढ़ना हो, सही फैसले लेना हो या दबाव को संभालना। ये चीजें अनुभव के साथ आती हैं और अगर मैं अपने अनुभव से सीखी हुई बातें उनके साथ साझा कर पाऊं तो यह मेरे लिए भी एक अच्छा अवसर होगा।”
फाजिल्का फाल्कन्स के लिए टूर्नामेंट जीतना निश्चित रूप से प्राथमिक लक्ष्य होगा, लेकिन गिल के अनुसार लीग की बड़ी सफलता इस बात से भी तय होगी कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए कितने नए अवसर पैदा करती है।
गिल ने कहा, “बेशक, हम ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य रखेंगे लेकिन मेरे लिए सफलता का मतलब यह भी होगा कि हमारी टीम के युवा खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के दौरान कितना विकास करते हैं।”
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में राज्य के उभरते हुए कई क्रिकेटरों के एक मंच पर आने से प्रतियोगिता और रोमांचक होने की उम्मीद है। फाजिल्का फाल्कन्स के कप्तान के रूप में शुभमन गिल की मौजूदगी टीम में अनुभव के साथ-साथ उत्साह भी बढ़ाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह