
चंडीगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर 43 स्थित बस अड्डे की पार्किंग से टिफिन बम मिला है। टिफिन में आईईडी था। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 43 में जिस स्थान से आईईडी मिला है, उससे थोड़ी दूरी पर ही मोहाली है। इस बस अड्डे से पंजाब, हिमाचल तथा उत्तराखंड के लिए बसें चलती हैं। बस अड्डे में हर समय सैकड़ों की संख्या में यात्री होते हैं। इस घटनाक्रम के बाद चंडीगढ़ की एसएसपी, आईजी तथा डीजीपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। इस घटना के बाद पंजाब पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
चंडीगढ़ पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के पास से संदिग्ध आईईडी तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में चंडीगढ़ में आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की संभावित योजना के संकेत मिले हैं। जनता को घबराने या चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। चंडीगढ़ पुलिस द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं निवारक उपाय किए जा रहे हैं।
नागरिकों से शांत रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की जाती है। चल रही जांच के हित में आवश्यक सत्यापन के बाद उचित समय पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी। इस संबंध में थाना सेक्टर-36, चंडीगढ़ में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH