कार्तिक आर्यन ने सर्जरी के बाद बताई अपनी सेहत

युगवार्ता    24-Aug-2026
Total Views |
कार्तिक आर्यन - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता कार्तिक आर्यन के फैंस उस वक्त चिंता में पड़ गए थे, जब उनकी आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान चोटिल होने की खबर सामने आई। बताया गया कि निर्देशक कबीर खान की फिल्म के एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग करते समय कार्तिक के घुटने में चोट लग गई थी। अब अभिनेता की सर्जरी हो चुकी है और उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी सेहत की जानकारी दी है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद फैंस ने राहत की सांस ली।

कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह सर्जरी के बाद अस्पताल में आराम करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में उनके पैर पर नी ब्रेस दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर में मजाकिया अंदाज में लिखा है, 'पैर काम से बाहर।' एक अन्य तस्वीर में उनके बाएं हाथ में आईवी कैनुला लगी हुई नजर आ रही है। तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिलहाल अभिनेता रिकवरी फेज में हैं।

चोट के बावजूद कार्तिक का मजाकिया अंदाज बरकरार है। पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'कबीर सर ने कहा था कि पैर तोड़ दो।' अभिनेता के इस मजेदार कैप्शन ने उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की झलक भी दिखाई। कार्तिक पिछले कुछ समय से कबीर खान के निर्देशन में बन रही स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे। इसी दौरान एक एक्शन सीन फिल्माते समय उन्हें चोट लगी। फिलहाल उन्होंने शूटिंग से ब्रेक लिया है और डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags