मणिपुर के थौबल में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो कैडर गिरफ्तार

युगवार्ता    24-Aug-2026
Total Views |
The images Shared by Manipur Police.


थौबल (मणिपुर), 24 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर के थौबल जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में केसीपी(पीडब्ल्यूजी) के दो कथित सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने साेमवार काे बताया कि बीते 23 अगस्त को सुरक्षा बलों ने लिलोंग थाना क्षेत्र के लिलोंग ताइरेन माखोंग इलाके से बुमायुम अयूब खान (30) को गिरफ्तार किया। वह हियांगथांग ताराहेई कोंजिल का निवासी है और केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का सक्रिय कैडर तथा कथित रूप से वसूली की गतिविधियों में शामिल था।

इससे पहले खुफिया सूचना के आधार पर थौबल सीडीओ और 11 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने लिलोंग उशोइपोकी इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के कथित सीनियर कैप्टन थियाम बोइचा सिंह उर्फ बालिन (28) को गिरफ्तार किया गया। वह बिष्णुपुर वार्ड नंबर आठ का निवासी है।

पूछताछ में सामने आया कि बालिन बीते 13 नवंबर, 2021 को चुराचांदपुर के बेहियांग में 46 असम राइफल्स के सीओ और छह अन्य लोगों पर घात लगाकर किए गए हमले में शामिल टीम का हिस्सा था।

अधिकारियों के अनुसार, बालिन एनआईए द्वारा जांच किए जा रहे मामले में ए-3 आरोपित है और उसे घाेषित फरार आराेपित बताया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags