पुतिन ने अहम ढांचों को सरकारी नियंत्रण में लेने का दिया अधिकार, ड्रोन हमलों के बाद नया आदेश

युगवार्ता    24-Aug-2026
Total Views |

मॉस्को, 24 अगस्त (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सरकार को विशेष अधिकार दे दिए हैं। नए राष्ट्रपति आदेश के तहत, यदि किसी अहम प्रतिष्ठान को यूक्रेनी ड्रोन हमलों या अन्य खतरों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जाती है, तो रूसी राज्य उसका अस्थायी नियंत्रण अपने हाथ में ले सकेगा।

राष्ट्रपति के विशेष आदेश के अनुसार, सरकार को ऐसे प्रतिष्ठानों की भौतिक और वित्तीय संपत्तियों के साथ-साथ उनसे जुड़े स्वामित्व अधिकारों के प्रबंधन का अधिकार भी मिल सकता है। यह कार्रवाई तब की जा सकेगी, जब संबंधित संस्थाएं सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने में विफल पाई जाएं या किसी हमले के बाद क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत में अनावश्यक देरी करें।

इस आदेश के दायरे में ईंधन, ऊर्जा, उद्योग, संचार, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं। इनके अलावा देश की सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले अन्य ढांचों को भी इसके तहत लाया जा सकता है।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब यूक्रेन ने रूस के भीतर ड्रोन हमलों की रफ्तार तेज कर दी है। हाल के दिनों में तेल रिफाइनरियों और वाणिज्यिक गोदामों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बाद महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

पिछले सप्ताह पुतिन ने सरकार को यूक्रेनी हमलों में क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए वाणिज्यिक गोदामों के पुनर्निर्माण के लिए एक विशेष कार्यक्रम शुरू करने का निर्देश भी दिया था।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags