महिला हॉकी विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया से गोलरहित ड्रॉ के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल उम्मीदें खत्म

युगवार्ता    24-Aug-2026
Total Views |
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच का दृश्य


एम्स्टेलवीन, 24 अगस्त (हि.स.)।

भारतीय महिला हॉकी टीम की एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें रविवार देर रात खत्म हो गईं। निर्णायक पूल-ई मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। इस नतीजे के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में जगह बना ली, जबकि भारत अब पांचवें-छठे स्थान के लिए खेलेगा।

भारत को अंतिम चार में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी थी। इससे पहले दिन में नीदरलैंड्स ने चीन को हराया था, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ ड्रॉ ही सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त था। ऑस्ट्रेलिया ने अधिक गोल करने के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई।

भारत और चीन के दो-दो अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारत तीसरे स्थान पर रहा। भारत का गोल अंतर माइनस दो और चीन का माइनस तीन रहा। इस पूल से मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड्स और ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से बनाया दबाव

ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही गेंद पर कब्जा बनाए रखा और भारत पर दबाव डाला। दूसरे मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने गोल कर दिया था, लेकिन भारत ने तुरंत वीडियो रेफरल लिया। रीप्ले में गेंद के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की स्टिक से भारतीय डिफेंडर के शरीर पर लगने की पुष्टि के बाद गोल रद्द कर दिया गया।

भारत को शुरुआती दौर में कुछ मौके मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी। 10वें मिनट में गोलकीपर सविता पुनिया ने एमी लॉटन के प्रयास को शानदार तरीके से रोककर भारत को बचाया।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में सविता की जगह बिचु देवी ने गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 19वें मिनट में ग्रेस यंग के प्रयास को डाइव लगाकर रोकते हुए शानदार बचाव किया।

भारत को 30वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस ने उसे सफलतापूर्वक रोक दिया। पहले हाफ के बाद दोनों टीमें 0-0 से बराबरी पर थीं।

दूसरे हाफ में भी नहीं आया निर्णायक गोल

भारत ने दूसरे हाफ में आक्रामक रुख अपनाया और अधिक खिलाड़ियों को आगे भेजा, लेकिन फॉरवर्ड खिलाड़ियों के बीच तालमेल और अंतिम पास में वह धार नहीं दिखी जिसकी टीम को जरूरत थी।

40वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया, लेकिन वीडियो रेफरल के बाद इसे भी रद्द कर दिया गया। यह मैच में ऑस्ट्रेलिया का दूसरा रद्द हुआ गोल था।

भारत ने जवाब में कई हमले किए। शिल्पी ने 45वें मिनट में जोरदार शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोल के सामने से निकल गई।

गोलकीपर हटाकर भी नहीं मिली सफलता

आखिरी क्वार्टर में भारत ने गोल की तलाश तेज कर दी। ऑस्ट्रेलिया को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस और बिचु देवी ने शानदार बचाव किया। 54वें मिनट में बिचु ने पैर से शानदार बचाव कर ऑस्ट्रेलिया को बढ़त लेने से रोका।

मैच में पांच मिनट से अधिक समय बाकी रहते भारत ने गोलकीपर को हटाकर अतिरिक्त आउटफील्ड खिलाड़ी उतारा और निर्णायक गोल की कोशिश की। ऑस्ट्रेलिया को 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सलिमा टेटे ने शानदार बचाव करते हुए भारत को गोल खाने से बचा लिया।

अंततः मुकाबला 0-0 से बराबरी पर समाप्त हुआ और इसी के साथ भारतीय टीम का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। अब भारतीय महिला टीम पांचवें-छठे स्थान के मुकाबले में उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags