युवा संसद प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को

युगवार्ता    24-Aug-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार और एनडीएमसी के शिक्षा विभाग के स्कूलों के लिए आयोजित 58वीं युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 का पुरस्कार वितरण समारोह 25 अगस्त को संसद भवन परिसर के पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग के जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे और विजेता विद्यार्थियों एवं स्कूलों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्रालय के अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले बाल भारती पब्लिक स्कूल, परवाना रोड, पीतमपुरा, दिल्ली के विद्यार्थी समारोह के दौरान अपनी ‘युवा संसद बैठक’ का दोबारा मंचन भी करेंगे। इस स्कूल को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के लिए जीवी मावलंकर रनिंग पार्लियामेंटरी शील्ड एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा नए शामिल हुए स्कूलों में भी प्रथम स्थान हासिल करने के लिए इसी स्कूल को ट्रॉफी दी जाएगी।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले करीब 60 वर्षों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के स्कूलों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय और एनडीएमसी के शिक्षा विभाग के स्कूलों के लिए आयोजित प्रतियोगिता शृंखला में यह 58वीं प्रतियोगिता थी, जिसका आयोजन वर्ष 2025-26 में किया गया।

'यूथ पार्लियामेंट स्कीम' का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मानुशासन, विभिन्न विचारों के प्रति सहनशीलता, अपने विचारों को सही और प्रभावी तरीके से रखने की क्षमता तथा लोकतांत्रिक जीवन के मूल्यों को विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं के साथ-साथ चर्चा एवं वाद-विवाद की तकनीकों से भी परिचित कराया जाता है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी वक्तृत्व कौशल विकसित करने में मदद मिलती है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 अन्य स्कूलों को भी मेरिट ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इनमें डॉ. बीआर अंबेडकर सीएम श्री स्कूल, द्वारका सेक्टर-22; नवयुग स्कूल, पेशवा रोड; प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसपी मुखर्जी मार्ग; बाबा नीम करोली सर्वोदय कन्या विद्यालय, जौनापुर; सर्वोदय कन्या विद्यालय, प्रह्लादपुर; राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय नंबर-1 (उर्दू माध्यम), जामा मस्जिद; अटल आदर्श विद्यालय, गोल मार्केट; डॉ. बीआर अंबेडकर सीएम श्री स्कूल, सेक्टर-17 रोहिणी; सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-1, यमुना विहार; ईशानी सर्वोदय कन्या विद्यालय, जी-ब्लॉक साकेत और केरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विकासपुरी शामिल हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags