आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रभात जयसूर्या को फटकार

युगवार्ता    25-Aug-2026
Total Views |
प्रभात जयसूर्या


कोलंबो, 25 अगस्त (हि.स.)। भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने पर श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज प्रभात जयसूर्या को आधिकारिक फटकार लगाई गई है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

जयसूर्या को आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े, मैदान से जुड़े उपकरण या अन्य सुविधाओं के अनुचित इस्तेमाल अथवा नुकसान पहुंचाने से संबंधित है।

यह घटना दूसरे दिन (सोमवार) की आखिरी गेंद पर जयसूर्या के आउट होने के बाद हुई। पवेलियन लौटते समय उन्होंने अपने बल्ले से मैदान की सीमा पर लगे बोर्ड को मारा था। जयसूर्या ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को भी स्वीकार कर लिया। इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

मैदानी अंपायर अहसान रजा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर रॉड टकर तथा चौथे अंपायर प्रगीथ रंबुकवेला ने जयसूर्या के खिलाफ आरोप लगाए थे।

पिछले 24 महीनों में जयसूर्या का यह पहला अपराध है। लेवल-1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार, जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags