वॉशिंगटन, 25 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने पर विचार करने का दावा सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर किया है।
लेक ओंटारियो अमेरिका और कनाडा की सीमा पर स्थित है। झील के एक ओर अमेरिका का न्यूयॉर्क राज्य है, जबकि दूसरी ओर कनाडा का ओंटारियो प्रांत स्थित है। ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका अब ओंटारियो के साथ अधिक व्यापार की उम्मीद नहीं कर रहा है, इसलिए झील का नाम बदलने पर विचार किया जा रहा है।
यह पहली बार नहीं है, जब ट्रंप ने किसी प्रमुख भौगोलिक स्थान का नाम बदलने का मुद्दा उठाया है। जनवरी, 2025 में उन्होंने एक कार्यकारी आदेश जारी करके गल्फ ऑफ मेक्सिको को अमेरिका में ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ नाम से संबोधित करने का निर्देश दिया था। हालांकि, उस फैसले को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद भी हुआ था।
मेक्सिको ने तब तर्क दिया था कि अमेरिका पूरे खाड़ी क्षेत्र का नाम एकतरफा नहीं बदल सकता, क्योंकि किसी देश का संप्रभु अधिकार उसके तट से सीमित समुद्री क्षेत्र तक ही होता है। अब लेक ओंटारियो के नाम को लेकर ट्रंप के नए बयान से अमेरिका-कनाडा के बीच जारी व्यापारिक तनाव के साथ एक और विवाद खड़ा होने की संभावना है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय