ताइक्वांडो में कौशल ने जीता स्वर्ण, अपूर्व ने हासिल किया रजत; दोनों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

युगवार्ता    25-Aug-2026
Total Views |
ताइक्वांडो में कौशल ने जीता स्वर्ण, अपूर्व ने हासिल किया रजत; दोनों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन की फोटो


प्रयागराज, 25 अगस्त (हि.स.)। विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, झलवा के दो ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने सीबीएसई क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। अंडर-19 आयु वर्ग में कौशल चौधरी ने स्वर्ण पदक और अपूर्व पाण्डेय ने रजत पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।

भदोही के सूर्यावां स्थित बीपीएमजी पब्लिक स्कूल में 16 से 21 अगस्त तक सीबीएसई क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया।

अंडर-19 आयु वर्ग के 48 से 51 किलोग्राम भारवर्ग में कौशल चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 55 से 59 किलोग्राम भारवर्ग में अपूर्व पाण्डेय ने बेहतरीन प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

टीम के प्रशिक्षक अनुराग सिंह और प्रबंधक रीतू गुप्ता रहीं। खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अभिषेक तिवारी और प्रधानाचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ प्रयागराज का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Tags