
बीजिंग, 26 अगस्त (हि.स./रिया नोवोस्ती)। चीन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) उद्योग के टिकाऊ और व्यवस्थित विकास को बढ़ावा देने के लिए करीब 200 अहम मानक तैयार किए हैं। चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी उप-मंत्री शिन गुओबिन ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शिन गुओबिन ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि एआई के क्षेत्र में शासन और मानकीकरण के लिहाज से करीब 200 महत्वपूर्ण मानक सफलतापूर्वक विकसित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश के कई शहरों में एआई के उपयोग से जुड़े नैतिक पहलुओं की समीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया भी चल रही है।
उप-मंत्री ने कहा कि चीन की कंप्यूटिंग क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। उनके मुताबिक, जून के अंत तक देश की इंटेलिजेंट कंप्यूटिंग क्षमता 2,185 एक्साफ्लॉप्स तक पहुंच गई थी।
शिन गुओबिन के अनुसार, एआई का इस्तेमाल अब उद्योग की लगभग पूरी वैल्यू चेन में हो रहा है। इसमें अनुसंधान एवं विकास, डिजाइन, उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और रखरखाव जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते इस्तेमाल से विभिन्न उद्योगों में तकनीकी बदलाव और अपग्रेडेशन की गति तेज हुई है।
उन्होंने बताया कि वास्तविक दुनिया के प्रशिक्षण और प्रयोगों के जरिए रोबोट्स को मैन्युफैक्चरिंग, आपातकालीन बचाव और फूड सर्विस जैसे क्षेत्रों में काम करने के लिए सक्षम बनाया जा रहा है।
उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी उप-मंत्री शिन गुओबिन ने कहा कि एआई के नैतिक मूल्यांकन और संबंधित सेवाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लागू करने को लेकर चीन के कई शहरों में तैयारियां की जा रही हैं। इससे एआई के विकास के साथ-साथ इसके सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी