दशनामी अखाड़ा मंदिर से बूढ़ा अमरनाथ मंदिर मंडी के लिए पवित्र छड़ी यात्रा रवाना

युगवार्ता    26-Aug-2026
Total Views |

पुंछ, 26 अगस्त (हि.स.)। पुंछ नगर स्थित प्राचीन दशनामी अखाड़ा मंदिर से बुधवार को बूढ़ा अमरनाथ मंदिर मंडी के लिए भगवान शिव और देवी पार्वती के स्वरूप के प्रतीक पवित्र छड़ी यात्रा निकाली गई। दशनामी अखाड़ा राज गुरु गद्दी के वर्तमान महन्त महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विश्वात्मा नंद सरस्वती महाराज की अगुवाई में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बम बम बोले और हर हर महादेव के जयकारों के साथ भाग लिया।

सबसे पहले पवित्र छड़ी का वैदिक मंत्रों के साथ विधि-विधान से पूजन किया गया, जिसके उपरांत पवित्र छड़ी को दशनामी अखाड़ा मंदिर के बाहर लाया गया, तो वहां पर जम्मू कश्मीर पुलिस की तरफ से पुलिस बैंड की धुन पर छड़ी को सलामी दी गई। इसके बाद छड़ी यात्रा बूढ़ा अमरनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गई।

छड़ी यात्रा में उपमुख्यमंत्री सुरेन्द्र चौधरी सहित कई बड़े नेता, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। यह छड़ी यात्रा देर शाम को बूढ़ा अमरनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां पर एक बार फिर पुलिस की तरफ से सलामी देने के उपरान्त छड़ी का पूजन कर उसे भगवान भोलेनाथ के स्वयंभू शिवलिंग पर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में तीन दिवसीय रक्षा बंधन, दर्शन, पूजन और मेले का शुभारंभ किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Tags