विश्वकप में हिंदी एक्सपर्ट कमेंटेटर के रूप में तुषार खंडकर ने शुरुआत की नई पारी

युगवार्ता    26-Aug-2026
Total Views |
तुषार खंडकर का फाइल फोटो


झांसी, 26 अगस्त (हि.स.)।

200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव रखने वाले पूर्व ओलंपियन और 2016 रियो ओलंपिक में पुरुष टीम सहायक कोच एवं भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के कोच झांसी के तुषार खंडकर ने हॉकी विश्वकप 2026 के महिला मुकाबलों में हिंदी एक्सपर्ट कमेंटेटर के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत की है।

हॉकी के मैदान पर लंबे अनुभव के बाद अब तुषार खंडकर अपनी आवाज के जरिए देशभर के हॉकी प्रेमियों तक खेल की बारीकियां पहुंचा रहे हैं। हिंदी कमेंट्री के दौरान उनके द्वारा खेल की तकनीकी बारीकियों, खिलाड़ियों की खूबियों, रणनीति और तकनीकी खामियों का सहज एवं प्रभावी ढंग से विश्लेषण किया जा रहा है। उनकी सटीक जानकारी और माइक पर खेल की बारीकियों का बेहतरीन उच्चारण हॉकी प्रेमियों को खासा पसंद आ रहा है।

तुषार खंडकर की इस नई भूमिका को लेकर झांसीवासियों में भी खुशी है। खेलप्रेमियों और शहरवासियों ने उनकी नई पारी के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं और उम्मीद जताई है कि वह अपनी विशेषज्ञता से हिंदी कमेंट्री को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Tags