
काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। हिमस्खलन के बाद चीन की तरफ से नदी के अवरुद्ध स्थान पर बना ताल अभी पूरी तरह से नहीं खुला है। इसके कारण नेपाल के भोटेकोसी और त्रिशूली नदी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है।
बाढ़ संबंधी सूचना जारी करते हुए नेपाल बाढ़ सूचना तथा राष्ट्रीय विपद् जोखिम न्यूनीकरण तथा व्यवस्थापन प्राधिकरण ने बुधवार दोपहर 1:35 बजे जारी सूचना में लोगों से अगली सूचना जारी होने तक भोटेकोसी और त्रिशूली नदियों से दूर सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है। सूचना में कहा गया है कि नदी के अवरुद्ध स्थान पर पानी के बहाव में संभावित बदलाव के कारण निचले तटीय क्षेत्रों में जोखिम अभी कायम है। इसलिए नदी के आसपास स्थित बस्तियों में रहने वाले लोगों से उच्च सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
इस बीच, चीन की ओर हिमस्खलन के बाद आई बाढ़ ने नेपाल के रसुवा, नुवाकोट और धादिङ जिलों में व्यापक क्षति पहुंचाई है। नदी में अचानक पानी का बहाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए संबंधित क्षेत्र के लोगों को लगातार सतर्क रहने और प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास