रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर गुजरात में रिकॉर्ड बुकिंग, दौड़ेंगी 6,500 अतिरिक्त एसटी बसें

युगवार्ता    27-Aug-2026
Total Views |
गुजरात की जीएसआरटीसी की बसें (फाइल फोटो)


गांधीनगर/सूरत, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को देखते हुए यात्रियों और बहनों को आवागमन में सुविधा देने के लिए गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी ) ने बड़े पैमाने पर अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था की है। निगम की ओर से 26 से 30 अगस्त के दौरान रक्षाबंधन के लिए 6,500 तथा जन्माष्टमी के लिए 3,000 अतिरिक्त एसटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। इस तरह 30 अगस्त तक कुल 9,500 अतिरिक्त बस फेरे संचालित किए जाएंगे।

पिछले 24 घंटों में ही करीब 1,000 अतिरिक्त बस फेरों के माध्यम से 30 हजार से अधिक यात्रियों ने एसटी सेवाओं का लाभ लिया। यात्रियों ने जीएसआरटीसी के मोबाइल एप के माध्यम से अग्रिम टिकट बुक कर बड़ी संख्या में यात्रा की। निगम के अनुसार एक ही दिन में 88,626 टिकटों की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई, जो ऑनलाइन टिकट बुकिंग का रिकॉर्ड है।

प्रमुख शहरों और तीर्थस्थलों के लिए विशेष बसें

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाहन व्यवहार विभाग द्वारा अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, गोधरा, पालनपुर, नडियाद, जूनागढ़, पोरबंदर और वलसाड सहित प्रमुख शहरों के मार्गों पर विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा पावागढ़ और अंबाजी जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के लिए भी विशेष बसें चलाई जाएंगी।

सभी डिविजन और डिपो को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या में अधिक वृद्धि होगी, वहां मांग के अनुसार अतिरिक्त एसटी बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जीएसआरटीसी ने अतिरिक्त बसों के साथ-साथ अग्रिम टिकट बुकिंग की सुविधा पर भी विशेष जोर दिया है। उक्त जानकारी सूचना विभाग द्वारा प्राप्त हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags