वाशिंगटन, 27 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक कोशिशों की अटकलों के बीच व्हाइट हाउस ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल दोनों देशों के बीच कोई बातचीत नहीं चल रही है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि जब तक ईरान गंभीरता के साथ वार्ता की मेज पर आने की इच्छा नहीं दिखाता, तब तक यह स्थिति बनी रह सकती है। कैरोलिन लेविट ने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका को अभी तक तेहरान की ओर से सार्थक बातचीत के लिए कोई ठोस संकेत नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास आगे की कार्रवाई के लिए सभी विकल्प खुले हैं।
व्हाइट हाउस के अनुसार फिलहाल वाशिंगटन का मुख्य जोर ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने पर है। अमेरिकी प्रशासन ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ नाम दिया है। लेविट ने दावा किया कि इससे पहले अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को निशाना बनाने के लिए कार्रवाई की थी और अब आर्थिक मोर्चे पर दबाव की रणनीति अपनाई जा रही है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय