अमाल मलिक ने फिल्म संगीत से एक साल का ब्रेक लेकर फैंस को चौंकाया

युगवार्ता    28-Aug-2026
Total Views |
अमाल मलिक - फोटो सोर्स एक्स


मशहूर संगीतकार और गायक अरमान मलिक के भाई अमाल मलिक ने फिल्म संगीत से एक साल का ब्रेक लेने का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया है। हाल ही में इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' के गाने 'ये आवारापन' को कंपोज करने वाले अमाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह ठीक हैं और फिलहाल अपने मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहते हैं। अमाल ने फैंस से यह भी वादा किया कि वह एक साल बाद नई ऊर्जा के साथ संगीत की दुनिया में वापसी करेंगे।

अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अमाल ने लिखा कि वह इस बार वही करना चाहते हैं, जो उनके लिए सबसे बेहतर है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने मन, शरीर और आत्मा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आराम की जरूरत है। उन्होंने अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुद को तरोताजा करने और फिर से पूरी ऊर्जा के साथ लौटने की जरूरत है। अमाल ने यह भी साफ किया कि अगले साल तक उनका कोई नया फिल्म संगीत रिलीज नहीं होगा। हालांकि, उनके पहले से तैयार कुछ अप्रकाशित फिल्मी गाने फिल्मों की रिलीज के साथ सामने आ सकते हैं।

अमाल ने फैंस से अपील की कि इस दौरान उन्हें परेशान न किया जाए और किसी भी नए प्रोजेक्ट या संगीत को लेकर वह खुद जानकारी शेयर करेंगे। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि संगीत से सिनेमा तक का सफर उन्हें काफी दूर ले गया है और अब वह कुछ समय के लिए फिर संगीत की ओर लौटना चाहते हैं। अमाल के इस फैसले के बाद उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ और तरोताजा होकर वापसी करने की उम्मीद कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags