
- प्रेमजीत, सरनदीप, बालकृष्णन और सैली ने जीते डबल खिताब
गुवाहाटी, 28 अगस्त (हि.स.)। ऑल असम टेनिस एसोसिएशन (एएटीए) द्वारा ससल स्थित एएटीए परिसर में आयोजित आईटीएफ वर्ल्ड मास्टर्स एमटी 200 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग टेनिस टूर्नामेंट का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
सीनियर पुरुष और महिला वर्ग में भारत के चार खिलाड़ियों प्रेमजीत सिंह, सरनदीप सिंह, बालकृष्णन भाटिया और सैली त्रिवेदी ने अपने-अपने आयु वर्ग में एकल और युगल दोनों खिताब जीतकर डबल क्राउन हासिल किया।
पुरुषों के 35+ एकल फाइनल में प्रेमजीत सिंह ने हमवतन इंद्रकुमार सिंह को 6-1, 6-2 से हराकर खिताब जीता। इसी वर्ग के युगल फाइनल में इंद्रजीत और प्रेमजीत की जोड़ी ने प्रीतम दास शर्मा और पेमा नोरबू को 6-1, 6-4 से पराजित किया।
पुरुषों के 45+ एकल फाइनल में सरनदीप सिंह ने रोहित लाला को 6-3, 6-2 से हराया। युगल में सरनदीप ने शहनवाज जफर के साथ मिलकर रोशन कांत घिसिंग और राजकुमार सिंह की जोड़ी को 6-3, 6-3 से मात दी।
पुरुषों के 55+ एकल फाइनल में बालकृष्णन भाटिया ने रोशन कांत को 6-0, 4-6, 11-9 से हराया। युगल में अरुण अग्रवाला के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने रणदीप बरुआ और हकीम अली को 6-2, 6-1 से हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया।
महिलाओं के 35+ एकल में सैली त्रिवेदी चैंपियन बनीं, जबकि रानी कौर उपविजेता रहीं। युगल खिताब सैली त्रिवेदी और बबीता मोहन लांग्थासा की जोड़ी ने जीता। नाजनीन रहमान और रानी कौर की जोड़ी उपविजेता रही। महिलाओं के 45+ एकल में नाजनीन रहमान ने खिताब जीता, जबकि बबीता उपविजेता रहीं।
पुरुषों के 65+ एकल फाइनल में दिलीप सिंह ने लीशांगथाना मेइतेई सिंघनबाम को 6-0, 6-1 से हराकर खिताब जीता। इस वर्ग के युगल में भरत फूकन और शिबू मैथ्यू चैंपियन बने, जबकि दिलीप सिंह और लीशांगथाना उपविजेता रहे।
समापन समारोह में ऑल असम टेनिस एसोसिएशन के सचिव अंकुश दत्ता और वरिष्ठ टेनिस खिलाड़ी टीकेन चंद्र बसुमतारी ने विजेताओं को ट्रॉफियां प्रदान कीं। समारोह का संचालन आईटीएफ सुपरवाइजर गीतिका पॉल ने किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश