
नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सम्मानजनक व्यवहार और उचित चिकित्सकीय देखभाल की मांग वाली याचिका का समर्थन किया है। यह याचिका ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल समेत कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संबोधित करते हुए दायर की है।
इस याचिका में इमरान खान को परिवार से मिलने की अनुमति देने के साथ-साथ स्वतंत्र चिकित्सकीय जांच और अदालत के निर्देश के अनुसार इलाज सुनिश्चित करने की मांग की गई है। याचिका पर सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं।
कमिंस ने शुक्रवार को अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “मैं जीसी (ग्रेग चैपल) और अन्य पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के समर्थन में हूं। मुझे उम्मीद है कि अदालत के आदेश पर होने वाली चिकित्सकीय जांच को पूरा होने दिया जाएगा और परिवार से मुलाकात जारी रहेगी। मुझे उम्मीद है कि इमरान खान के साथ उस सम्मान के साथ व्यवहार किया जाएगा, जिसके हर व्यक्ति हकदार है।”
याचिका में 73 वर्षीय इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। इसमें खास तौर पर उनकी दाईं आंख की रोशनी काफी प्रभावित होने की खबरों का उल्लेख किया गया है। इमरान खान तीन साल से अधिक समय से हिरासत में हैं।
याचिकाकर्ताओं ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड से व्यापक स्वास्थ्य जांच, जिसमें इमरान के निजी चिकित्सक भी शामिल हों, हर सप्ताह परिवार से निर्बाध मुलाकात और चिकित्सकों द्वारा सुझाए गए उपचार को तत्काल लागू करना शामिल है।
याचिका में पूर्व कप्तानों ने खुद को “क्रिकेट के मैदान पर बने रिश्ते से जुड़े पूर्व साथी और प्रतिद्वंद्वी” बताते हुए कहा कि यह रिश्ता उन सीमाओं और विवादों से ऊपर है, जो अक्सर देशों को बांटते हैं।
इमरान खान ने 1992 में पाकिस्तान को पहली बार वनडे विश्व कप जिताया था। वह 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी रहे। अगस्त 2023 में कई मामलों में उन्हें जेल भेजा गया। उनकी पार्टी और सहयोगी इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं।
यह संयुक्त अपील उस विवाद के बाद सामने आई है, जिसमें इमरान खान की जांच उनके निजी चिकित्सकों द्वारा किए जाने के बजाय सरकारी अस्पताल में राज्य द्वारा नियुक्त चिकित्सकों की टीम ने की थी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने उनके निजी चिकित्सकों से जांच कराने का निर्देश दिया था।
इससे पहले ‘द ग्रेड क्रिकेटर’ पॉडकास्ट में ग्रेग चैपल ने भी इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई थी। चैपल ने कहा था कि उन्होंने करीब छह साल पहले पाकिस्तान में इमरान से मुलाकात की थी और उस समय वह काफी मजबूत और स्वस्थ थे, लेकिन अब उनकी स्थिति वैसी नहीं है।
चैपल ने इमरान की दाईं आंख की समस्या, लंबे समय से जारी एकांतवास और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तीन साल के पूर्ण एकांतवास से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे