
नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के सपोर्ट से घरेलू शेयर बाजार आज बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। शुरुआती दो घंटे तक बाजार में तेजी का रुख बना रहा। इसके बाद बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने अपनी बढ़त गंवा दी। हालांकि, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स 0.43 प्रतिशत का निफ्टी 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 194.46 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,128.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी का जोर बन जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लिवालों की लगातार खरीदारी के कारण पहले एक घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स 424.38 अंक यानी 0.55 प्रतिशत उछल कर 77,357.97 अंक तक आ गया। इसके बाद अगले एक घंटे तक यह सूचकांक इस स्तर के आसपास कारोबार करता रहा, लेकिन दोपहर 11 बजे के थोड़ी देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आ गई।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण दोपहर 12 बजे के करीब यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 370 अंक लुढ़क कर 76,988.22 अंक के स्तर तक गिर गया। राहत की बात यही रही कि लाल निशान में पहुंचने के पहले ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर इस सूचकांक को संभाल लिया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,264.51 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 31.75 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,122.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण पहले एक घंटे में ही सुबह 10:15 बजे के करीब निफ्टी 97.45 अंक यानी 0.40 प्रतिशत उछल कर 24,188.30 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, इस सूचकांक की यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। दोपहर 11 बजे के थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में कमजोरी आ गई।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से दोपहर 12 बजे के करीब निफ्टी ऊपरी स्तर से 110 अंक से अधिक टूट कर 14 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में 24,076.85 अंक तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर कुछ देर में ही इस सूचकांक को वापस हरे निशान में पहुंचा दिया। खासकर, शाम तीन बजे के बाद चौतरफा खरीदारी होने की वजह से निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 100 अंक की रिकवरी कर 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,175.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह मेटल, मीडिया और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की भी लगातार खरीदारी होती रही। दूसरी ओर, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और रियल्टी इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज पूरे दिन उतार चढ़ाव होता रहा, लेकिन पूरे दिन के बाद खरीदारों का पलड़ा भारी बना हुआ नजर आया। कारोबार में खरीदारों के हावी हो जान के कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 15 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 492.88 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 493.05 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 17 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,549 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,385 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,932 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 232 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। इसी तरह एनएसई में आज 3,180 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,688 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,492 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ 9 शेयर गिरावट के साथ और 2 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में, 19 शेयर लाल निशान में और 1 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीसीएस 4.16 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.53 प्रतिशत, इंफोसिस 2.99 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.66 प्रतिशत और विप्रो 2.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक 1.40 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.28 प्रतिशत, आईटीसी 1.12 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.09 प्रतिशत और एशियन पेंट्स 0.85 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक