मिड डे मार्केट : शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच मामूली बढ़त के साथ कारोबार

युगवार्ता    28-Aug-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज उतार-चढ़ाव के बीच मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी की सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आई। हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। दोपहर एक बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.15 प्रतिशत और निफ्टी 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 194.46 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,128.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी का जोर बन जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। शेयरों की लगातार की जा रही खरीदारी के कारण पहले एक घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स 400 अंक से अधिक उछल कर 77,357.97 अंक तक आ गया।

इसके बाद अगले डेढ़ घंटे तक यह सूचकांक इसी स्तर के आसपास बना रहा। हालांकि, दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच दोपहर एक बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 113.56 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,047.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 31.75 अंक यानी 0.13 प्रतिशत उछल कर 24,122.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण पहले एक घंटे में ही सुबह 10:15 बजे के करीब निफ्टी लगभग 100 अंक की तेजी के साथ 24,188.30 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी।

दोपहर 11 बजे के थोड़ी देर बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच दोपहर एक बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 5.90 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 24,096.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 3,128 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,607 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,521 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

दोपहर एक बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और विप्रो के शेयर 4.30 प्रतिशत से लेकर 2.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 1.33 प्रतिशत से लेकर 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 539.35 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,933.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी ने 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,090.85 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags