
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 8 अगस्त को आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए आज कहा कि पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर कांग्रेस युवाओं की आवाज उठाना और उन्हें न्याय दिलाने का संघर्ष जारी रखेगी।
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, 'जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा।' कोटा और देहरादून के बाद अब 'छात्रों की गूंज' प्रयागराज पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज वह शहर है, जहां लाखों युवा वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वे आवेदन पत्र भरते हैं, परीक्षा शुल्क जमा करते हैं और लंबे समय तक भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करते रहते हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने युवाओं का वर्तमान छीन लिया है, जबकि लंबित भर्तियों ने उनके भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल में दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था।
राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर